ब्यावर में आगामी 12 नवंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जागरूकता के लिए बुधवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के मौके पर साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पटेल स्कूल के विद्यार्थियों की और से जागरूकता रैली भी निकाली गई। शहर के राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित साक्षरता शिविर के दौरान सेशन न्यायाधीश डॉ. जितेन्द्र सांवरिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी चौधरी ने शिरकत की। इस दौरान स्कूल के बच्चों की और से निकाली गई रैली को दोनों न्यायिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पटेल स्कूल से शुरू हुई रैली नगर परिषद मार्ग, डिग्गी मौहल्ला, सूर्य नारायण मंदिर, होटल विक्रांत तथा भगत चौराहे से होते हुए वापस स्कूल पहुंची। रैली में विद्यार्थियों ने पूरे सहयोग से हिस्सा लिया और लोक अदालत का यह है नारा- दोनों जीते कोई न हारा... तथा लोक अदालत जाएंगे- वादों को सुलझाएंगे... के नारे लगाए गए और हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर प्रचार करते हुए आमजन को लोक अदालत के प्रति जागरूक कर रहे है।
विद्यालय प्राधानाचार्य अब्दुल हनीफ खान, पारी प्रभारी राजेन्द्र प्रजापति, प्राध्यापक गुरूशरण गोयल, मुकेश प्रजापति तथा शिवलाल कार्यक्रम में उपस्थित रहे। तत्पश्चात न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी चौधरी द्वारा विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता, कन्या भ्रूण हत्या अपराध, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा धूम्रपान के दुष्परिणाम बताते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने, पयार्वरण संरक्षण व मोटर वाहन अधिनियम तथा परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग करने पर सजा के प्रावधानों सहित विभिन्न कानूनी जानकारी दी। पीएलवी संजय सिंह गहलोत द्वारा छात्रों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत करवाया तथा बाल विवाह रोकथाम हेतु बनाए गये काननों व शारदा एक्ट के बारे में जानकारी दी।
0 टिप्पणियाँ