ब्यावर न्यूज़ | मसूदा क्षेत्र की गड्ढ़ों वाली सड़कों से गुजरते क्षेत्रवासियों को पीड़ा को नजरअंदाज करने वाले सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भंवरलाल बूला ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार सुबह ढोल - ढमाके के साथ जगाने का प्रयास किया । बूला के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ब्यावर सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचकर ढोल ढमाके के साथ अधिकारियों को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया । साथ ही इस दौरान उन्होंने इस बात पर रोष जताया कि जब पूर्व में अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया फिर भी उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज किया । बूला ने बताया कि ब्यावर मसूदा , मसूदा- बांदनवाड़ा , ब्यावर बिजयनगर , खरवा - मसूदा की क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सरकार एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पूर्व में भी शिकायत पेश की गई । इस बार उन्होंने ढोल की थाप के साथ ही अधिकारियों को इन सभी समस्याओं से अवगत कराया । इस दौरान अंधेरी देवरी पूर्व सरपंच जगदीश सिंह रावत , पाखरियावास सरपंच प्रतिनिधि हुसैन काठात , पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भागू सिंह रावत , भंवरलाल धेतरवाल , दिलीप टांक , रणजीत खोजा , ललित आदि मौजूद रहे ।
0 टिप्पणियाँ