ब्यावर। ज़िला कलेक्टर उत्सव कौशल ने मंगलवार को ब्यावर कलेक्ट्रेट में देवमाली पर केंद्रित रूरल टूरिज्म की एक डाक्यूमेंट्री को विमोचन किया। डाक्यूमेंट्री में देवमाली के वास्तविक ग्रामीण जन जीवन और वहाँ पर पर्यटन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया है ।
उपखण्ड अधिकारी श्री भरत गुर्जर के निर्देशन में बनी इस लघु डाक्यूमेंट्री का उद्धेश्य लोगों को वास्तविक गाँव, उसकी परंपरा, लोक जीवन और संस्कृति से रूबरू करवाना है ।
ग़ौरतलब है कि देवमाली ब्यावर ज़िले के मसूदा उपखंड में अरावली के आग़ोश में बसा एक खूबसूरत गाँव है, जो कई मामलों में अद्वितीय है । गाँव के सभी मकान आज भी मिट्टी से बने है जिन पर केलुओं की छत है, प्राकृतिक सौंदर्य की अनुपम सौग़ात है ।
गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण का सुप्रसिद्ध मंदिर है जहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं ।गाँव के लोग अपनी परंपरा और मूल्यों का पालन करते हुए आज भी मांस-मदिरा का सेवन नहीं करते हैं ।
विमोचन के दौरान अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर डॉ. श्री बजरंग सिंह और मसूदा उपखंड अधिकारी श्री भरत गुर्जर उपस्थित रहे ।
0 टिप्पणियाँ