ब्यावर न्यूज़।जवाजा. स्कूल में बेटे के कान में दर्द उठने पर अस्पताल दिखाने जा रहे पिता-पुत्र व उसके सहपाठी छात्र की दुर्घटना में मौत हो गई। कुण्डाल गांव निवासी तीन जनों की सड़क हादसे में मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई।
जवाजा थाना पुलिस के मुताबिक कुंडाल निवासी नाईकलां स्कूल में अध्ययनरत छात्र सुभाष (11) को सोमवार अचानक कान में दर्द उठा। स्कूल से पिता डाऊसिंह (45) को फोन कर इलाज के लिए ब्यावर अस्पताल ले जाने के लिए कहा। डाऊसिंह जवाजा से बाइक पर सारोठ चौराहा पहुंचा। यहां शिक्षक और सुभाष का सहपाठी जसप्रीत (14) सुभाष को लेकर पहले से खड़े थे। दोनों यहां से डाऊसिंह के साथ बाइक पर सुभाष का कान डॉक्टर को दिखाने के लिए ब्यावर की तरफ रवाना हुए।
इस दौरान नरबदखेड़ा के निकट एक ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर मौत हो गई। जवाजा थाना पुलिस ने शवों को जवाजा अस्पताल पहुंचाया। शाम को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा।
नाईकला सरपंच भंवरसिंह ने बताया कि डाऊसिंह शजरा बनवाने के लिए जवाजा में साथ ही था। स्कूल से सूचना मिलते ही वह बाइक से सारोठ चौराहा के लिए रवाना हो गया। जैसे ही उसकी मृत्यु की सूचना मिली जवाजा अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
साथी छात्र के परिवार में भी शोक
बालक सुभाष को अस्पताल दिखाने के लिए बाइक पर पकडऩे के लिए जसप्रीत को साथ भेजा गया था। दुर्घटना में उसकी भी मृत्यु हो गई। पूरे गांव में एक साथ तीन अर्थी उठने से शोक की लहर फैल गई। मृतक के भाई लालसिंह ने जवाजा थाना पुलिस को शिकायत देकर ट्रेलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दी है।

0 टिप्पणियाँ