कपड़े धोते समय पैर फिसलने के कारण पानी के हौद में गिरने से बालिका की मौत.....


ब्यावर सदर थाना क्षेत्र के गढी थोरियान गांव में में गुरुवार शाम को कपडे धोने के दौरान पांव फिसलने से 10 वर्षीय बालिका पानी के हौद में गिर गई। पानी में डूबने से बालिका की मौत हो गई। घटना के दौरान उसके बीमार पिता कमरे में थे और अन्य परिजनों बाहर गए हुए थे। शाम के समय घर पहुंच अन्य परिजनों ने हौद के पास कपडे होने और बच्ची के घर पर नहीं होने पर पहले तो आसपास में तलाश की और जानकारी नहीं मिलने पर आशंका के चलते हौज में देखा तो बालिका हौद में मृत मिली।
परिजनों ने इसके बाद राजकीय अमृतकौर अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुंचे सदर थाने के हेड कांस्टेबल योगेश कुमार ने परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पंचनामा तैयार करवाकर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल योगेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को गढ़ी थोरियान निवासी रतनसिंह की 10 वर्षीय पुत्री तनुश्री अपने घर में बने हौद के पास कपडे धो रही थी । इस दौरान पिता रतनसिंह बीमार होने के कारण कमरे में था और अन्य परिजन बाहर गए हुए थे। कपडे धोने के दौरान तनुश्री पांव फिसलने के दौरान पानी के हौद में जा गिरी। हादसे के समय घर पर कोई नहीं होने के कारण उसे बाहर नही निकाला जा सका और उसकी मौत हो गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ