ब्यावर. सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में गुरुवार को अंक तालिका लेने को लेकर छात्रसंघ उपाध्यक्ष एवं मंत्रालयिक कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। इसको लेकर शुक्रवार को मंत्रालयिक कर्मचारियों ने एकजुट होकर पेनडाउन हड़ताल कर दी।
जबकि इस मामले को लेकर छात्रसंघ के पदाधिकारी भी एकजुट हो गए। छात्रहितों को लेकर नारेबाजी करने लगे। इससे माहौल गरमा गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में लिखित में आपसी समझाइश से हुए समझौते के बाद मामला शांत हुआ। जानकारी अनुसार गुरुवार को छात्रसंघ उपाध्यक्ष पंकजसिंह व अन्य छात्र अंकतालिका लेने गए।
इस दौरान वहां पर कार्यरत कर्मचारी नवनीत नागौरा ने उन्हें खिडकी पर जाकर अंकतालिका लेने की बात कहीं। इस बात को लेकर इनके बीच विवाद हो गया। इसको लेकर शुक्रवार को मंत्रालयिक कर्मचारी एकजुट हो गए। पेनडाउन हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस मामले का लेकर छात्रसंघ पदाधिकारी व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी एकजुट हो गए। कर्मचारियों ने नारेबाजी शुरू की तो छात्रों ने भी नारे लगाने। इससे कुछ देर माहौल गरमा गया। मामले की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में प्राचार्य कक्ष में हुई वार्ता के बाद मामला शांत हो गया।
वार्ता में यह हुआ तय
छात्रसंघ पदाधिकारियों व महाविद्यालय प्रशासन के बीच हुई वार्ता में महाविद्यालय कार्यालय में बाहरी छात्रों के प्रवेश पर रोक, छात्रसंघ पदाधिकारी दो व्यक्तियों को नामित करेंगे जो तीन से चार बजे तक खिड़की से काम करवा सकेंगे। महाविद्यालय में दुष्यंत, विकास, महेश, अर्चित व तनय अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करेंगे। इसके अलावा महाविद्यालय में अधिकारी व कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने पर कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है...
गुरुवार को कुछ छात्र अंकतालिका लेने आए। खिड़की पर जाकर अंकतालिका लेने के लिए संबंधित खिड़की पर जाने को लेकर कहा। इस दौरान अंकतालिकाओं को उलट-पुलट कर दिया। इसको लेकर विवाद हो गया। इसके विरोध में शुक्रवार को मंत्रालयिक कर्मचारियों ने पेनडाउन हडताल शुरू कर दी। इसके बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों व महाविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता हुई। इसमें आपसी समझौते हो गया।
डॉ. बिन्दु तिवारी, प्राचार्य एसडी कॉलेज
छात्रहितों के लिए छात्रसंघ पदाधिकारी काम करते हैं। छात्रसंघ उपाध्यक्ष छात्रों को अंकतालिका लेने के काम से कमरे में गए। जहां पर उपाध्यक्ष को कुर्सी से उठाने का प्रयास किया। साथ गए छात्रों को भी बाहर निकालने लगे। इस मामले को लेकर कर्मचारी लामबंद हो गए हैं तो छात्र संगठन भी एकजुट हैं। छात्रहितों के लिए काम करते रहेंगे।
गजेन्द्रसिंह, अध्यक्ष छात्रसंघ एसडी कॉलेज
0 टिप्पणियाँ