ब्यावर सब्जी मंडी का हाल-बेहाल


ब्यावर न्यूज़. शहर की फल-सब्जी मंडी यार्ड में अव्यवस्था बोलबाला है। हर दिन बेतरतीब पार्किंग के कारण आमजन को खासी परेशानी होती है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है।

हालात ये हैं कि यहां पर व्यवस्था को सुचारु करने के लिए कोई गार्ड तक नहीं है। जबकि मंडी यार्ड में पहले ही बेतरतीब व्यवस्था के कारण हादसा हो चुका है। इसके बावजूद प्रशासन व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। करीब तीस साल पहले दस बीघा जमीन में फल सब्जी मंडी यार्ड का निर्माण किया गया था। तीस साल पहले मंडी में आवाजाही कम थी एवं शहर की आबादी भी कम थी। तीस साल में आबादी विस्तार के साथ ही मंडी में दबाव भी बढा है। मोटे अनुमान के अनुरुप प्रतिदिन करीब पांच हजार लोगों की आवाजाही होती है।

मंडी परिसर में कोई व्यवस्था नहीं है। अनदेखी के चलते अव्यवस्था बनी रहती है। मंडी परिसर में बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते है। इससे वाहनों को निकलने में परेशानी होता है। गौरतलब है कि वाहन खडा करने को लेकर पहले विवाद हो चुका है। इस मामले ने खासे तूल पकड़ा था। उसके बाद प्रशासन ने कुछ समय तक सुधार के जतन किए। इसके बाद अब वापस स्थिति जस की तस हो गई है।

पुलिस चौकी स्थापना की उठी थी मांग

फल-सब्जी मंडी यार्ड में विवाद के बाद मामला खासा गरमाया। इस दौरान फल सब्जी मंडी यार्ड में पुलिस चौकी स्थापना की मांग भी उठी थी। इस दौरान व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रशासन ने प्रयास किए। समय गुजरने के साथ ही मंडी यार्ड में वापस अव्यवस्था होने लगी है।

किया जाएगा समाधान

मंडी यार्ड में व्यवस्था सुचारू रहे इसको लेकर गार्ड तैनात किए हैं। व्यवस्था को बेहतर रखने के प्रयास करते है। वाहनों को खड़ा करने को लेकर समस्या आती है। इसका कोई समाधान किया जाएगा।

महेश शर्मा, सचिव, कृषि उपज एवं फल-सब्जी मंडी, ब्यावर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ